Friday 14 June 2019

अयोध्या भगवान राम की और राम अयोध्या के: भाजपा का अभियान


हिन्दुस्तान की नज़र/मो० फैज़ान


अयोध्या राम की और राम अयोध्या के... इसी संदेश के साथ अब प्रदेश की भाजपा सरकार राम के अस्तित्व की स्वीकृति के लिए विश्व जनमत तैयार करेगी। अदालत से बाहर सुलह समझौते से अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भगवान राम का भव्य मंदिर बनवाने की दिशा में धीरे-धीरे कदम आगे बढ़ाए जा रहे हैं।


विश्व समुदाय से राम की अयोध्या पर सर्व सहमति के लिए साफ्ट पावर डिप्लोमेसी की कार्य योजना में अब कुछ और नये कदम उठाए जाएंगे। हाल ही में इराक के सिलेमानिया इलाके में बैनुला बाईपास के निकट भगवान राम और हनुमान की दुर्लभ प्रतिमाएं उत्खनन में मिली हैं। मीडिया में यह खबर आने के बाद उत्तर प्रदेश के संस्कृति विभाग और खासतौर पर अयोध्या शोध संस्थान ने भारत में इराक के राजदूत को पत्र लिखा। इस पत्र का जवाब देते हुए इराक की सरकार ने स्वीकार किया कि वहां सिलेमानिया इलाके में भगवान राम और हनुमान की प्रतिमाएं मिली हैं। ये प्रतिमाएं करीब 6000 साल पुरानी बतायी जाती हैं।


भगवान राम के अस्तित्व को और पुख्ता करती इन प्रतिमाओं के बाबत अयोध्या शोध संस्थान ने विस्तृत अध्ययन की जरूरत जतायी। इस पर इराक सरकार ने प्रदेश के संस्कृति विभाग और अयोध्या शोध संस्थान को पत्र लिखकर आमंत्रित भी किया है। इसी क्रम में राम और लक्ष्मण को अहिरावण द्वारा पाताल लोक ले जाने के प्रसंग के साक्ष्य तलाशने के लिए मध्य अमेरिका के होण्डुरास और आसपास के इलाके में भी अध्ययन करवाया जाएगा।


गूगल सर्च इंजन में 'मिसिंग सिटी आफ मंकी गॉड' सर्च करने पर इस बाबत काफी सामग्री मिलती है। जानकार बताते हैं कि इस इलाके में आज भी आदिवासी हनुमान की तरह अपना मुंह रंगते हैं। इसी क्रम में ग्वाटेमाला की सरकार को भी अयोध्या शोध संस्थान की ओर से पत्र लिखा गया है। ब्राजील और पेरू में भी हनुमान के वजूद की पड़ताल की जा रही है।


अगस्त में मारीशस जाएगी अयोध्या की रामलीला
मारीशस में अयोध्या की रामलीला की धूम मचेगी। आगामी 20 से 30 अगस्त के बीच अयोध्या शोध संस्थान की ओर से मारीशस में अयोध्या की रामलीला का मंचन होगा। मंचन के साथ ही मारीशस के संस्कृतिकर्मियों और कलाकारों को अयोध्या की रामलीला की बारीकियों और शैली का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।.


आठ एकड़ जमीन अधिग्रहीत की जाएगी
इस विशाल प्रतिमा के लिये करीब 8 एकड़ जमीन अधिग्रहीत की जाएगी। पैडस्टल के नीचे एक पूरा शहर बसेगा। इसके अलावा इसी प्रतिमा के निकट ही 5 एकड़ में रामकथा संग्रहालय बनाया जाएगा। अयोध्या शोध संस्थान के निदेशक वाई.पी. सिंह के अनुसार विभिन्न राज्यों बल्कि विदेशों में जहां-जहां भी रामकथा से जुड़ी दुर्लभ और अद्भुत कलाकृतियां, ऐतिहासिक धरोहरें मिलेंगी, उन्हें इस संग्रहालय में सजाएंगे।


दीपावली पर कई राष्ट्राध्यक्ष आएंगे
अयोध्या में इस बार भी दीपावली के अवसर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। बीती 7 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या भ्रमण के दौरान पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि दीपोत्सव की तैयारी तत्काल शुरू कर दी जाए। रामायण की संस्कृति से जुड़े देशों के राष्ट्राध्यक्षों को इसमें आमंत्रित किया जाए। विदेश मंत्रालय से इस बारे में जरूरी अनुमति ली जा रही है।


भगवान राम की प्रतिमा की स्थापना का काम तेज होगा
पिछले दो वर्षों से दीपावली पर अयोध्या में भव्य दीपोत्सव के आयोजन, फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या किए जाने और 7 जून को अयोध्या में कोदंड राम की प्रतिमा के अनावरण के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में ही भगवान राम की विशाल प्रतिमा की स्थापना के लिए काम तेज करने के निर्देश दिये हैं। भगवान राम की यह प्रतिमा गुजरात में बनी सरदार पटेल की विशाल प्रतिमा से भी ऊंची बनाए जाने का प्रस्ताव है मगर यह प्रतिमा कितनी ऊंची होगी यह अभी तय नहीं हो सका है।


No comments:

Post a Comment

Featured Post

पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों को जौनपुर जिले के जमीन पकड़ी एवम् कोहडे ग्राम सभा में मौन धारण कर एवम् कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि दी गई।

पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों को जौनपुर जिले के जमीन पकड़ी एवम् कोहडे ग्राम सभा में मौन धारण कर एवम् कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि ...